Chhattisgarh Latest News: कोयला लेवी घोटाले में पूर्व कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को राहत नहीं, जमानत से हाईकोर्ट का इनकार

Chhattisgarh Latest News: कोयला लेवी घोटाले में पूर्व कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को राहत नहीं, जमानत से हाईकोर्ट का इनकार

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 540 करोड़ रुपये के कोयला लेवी घोटाले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष और नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने केस डायरी और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया आर्थिक अपराध में उनकी संलिप्तता के संकेत पाए। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आदेश में की गई टिप्पणियों का मुकदमे की सुनवाई पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

जांच एजेंसी का आरोप है कि अग्रवाल ने कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रहते हुए अवैध वसूली की रकम में से 104.20 करोड़ रुपये देवेंद्र डड़सेना के माध्यम से पार्टी तक पहुंचाए थे। जांच में उनके और उनके परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदे जाने की बात भी सामने आई है।

यह मामला एसीबी/ईओडब्ल्यू में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2024 से जुड़ा है। अभियोजन के मुताबिक, प्रदेश में ऑनलाइन कोयला परिवहन परमिट व्यवस्था समाप्त कर मैनुअल सिस्टम लागू किया गया था। आरोप है कि इस व्यवस्था के जरिए कोयले पर 25 रुपये प्रति टन की दर से अवैध वसूली की जाती थी। जांच एजेंसी के अनुसार, जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर सहित कोयला उत्पादक जिलों में करीब 540 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी। ईडी की रिपोर्ट के आधार पर 17 जनवरी 2024 को 35 आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

अग्रवाल के वकीलों ने जमानत के पक्ष में दलील देते हुए कहा कि उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया है और अब हिरासत में पूछताछ की आवश्यकता नहीं है। बचाव पक्ष ने मुकदमे में देरी और कुछ सह-आरोपितों को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत का हवाला देते हुए राहत देने की मांग की।

वहीं, राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत याचिका का विरोध किया। उन्होंने अदालत को बताया कि संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल रकम के स्रोत को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया है। बेटे के नाम पर भी कई संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी जांच में सामने आई है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने अपराध की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए रामगोपाल अग्रवाल को जमानत देने से इनकार कर दिया।


Related Articles