Chhattisgarh Latest News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे पर रवाना हो रहे हैं। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री शामिल होंगे। दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री श्री साय ने दौरे को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारत मंडपम में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रत्येक प्रदेश को अपने राज्योत्सव के अवसर पर प्रस्तुति देने का मौका मिलता है। आज का दिन छत्तीसगढ़ का है। कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश के विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल भी लगाए गए हैं। वहीं, सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध कला और संस्कृति को प्रदर्शित करेंगे।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ के नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी लगाए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग समय पर चुनाव होते रहते हैं। जब छत्तीसगढ़ में चुनाव होते हैं, तब पड़ोसी राज्यों के कार्यकर्ता भी यहां आकर सहयोग करते हैं। इसी तरह उत्तर प्रदेश में चुनाव आने वाले हैं, इसलिए छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ता वहां जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पार्टी की ओर से जो भी आदेश मिलेगा, उसके अनुसार वे भी चुनावी जिम्मेदारी निभाने के लिए जाएंगे। उनका यह बयान उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और छत्तीसगढ़ के नेताओं की संभावित भूमिका के संदर्भ में आया है।

