Balod Latest News: अंतिम संस्कार के दूसरे दिन चोरी हुईं 94 वर्षीय महिला की अस्थियां, गांव में तीसरी घटना से दहशत

Balod Latest News: अंतिम संस्कार के दूसरे दिन चोरी हुईं 94 वर्षीय महिला की अस्थियां, गांव में तीसरी घटना से दहशत

Chhattisgarh Balod News: बालोद। जिले के गुरुर ब्लॉक के ग्राम खैरवाही स्थित मुक्तिधाम से 94 वर्षीय बुजुर्ग महिला की अस्थियां गायब होने का मामला सामने आया है। अंतिम संस्कार के दूसरे दिन जब परिजन पूजा करने पहुंचे तो चिता स्थल पर नारियल, दीया और अगरबत्ती रखे मिले। राख में अस्थियां तलाशने पर वे नहीं मिलीं। इसके बाद परिजनों ने गुरुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और अस्थियां तलाशने की मांग की। ग्रामीणों के मुताबिक, इसी मुक्तिधाम में इस तरह की यह तीसरी घटना है, जिससे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम खैरवाही निवासी विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात करीब 11 बजे निधन हो गया था। 13 नवंबर को दोपहर साढ़े 12 बजे गांव के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अगले दिन 14 नवंबर की शाम उनके बड़े बेटे बालमुकुंद शर्मा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पूजा करने मुक्तिधाम पहुंचे। वहां चिता स्थल पर नारियल और दीया रखा देखकर वे हैरान रह गए। जब उन्होंने ठंडी हो चुकी राख में अस्थियां तलाशनी शुरू कीं तो वे गायब मिलीं।

परिजनों ने आसपास और गांव में अस्थियों के बारे में जानकारी जुटाई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर अस्थियां खोजकर वापस दिलाने की मांग की। मृतका की पोती ने बताया कि परिवार के लिए यह बेहद दुखद घटना है। उनका सवाल है कि आखिर किसने और किस उद्देश्य से चिता स्थल पर पूजा-पाठ कर अस्थियां उठाईं।

मृतका के मंझले बेटे और सिंचाई विभाग के पूर्व एसडीओ रामेश्वर प्रसाद शर्मा के अनुसार, उनकी मां धार्मिक स्वभाव की थीं और उनकी इच्छा थी कि निधन के बाद उनकी अस्थियां प्रयागराज ले जाकर गंगा में विसर्जित की जाएं। परिवार भी उनकी इसी इच्छा के अनुसार विधि-विधान से अस्थि विसर्जन करना चाहता था। अस्थियां गायब होने से परिवार की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषी की पहचान और गिरफ्तारी करने के साथ अस्थियां वापस दिलाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि खैरवाही के मुक्तिधाम में अस्थियां गायब होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दो बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीण इंद्रजीत सिन्हा ने बताया कि वर्ष 2025 में उनके पिता के अंतिम संस्कार के बाद जब वे अस्थियां लेने पहुंचे थे, तब भी अस्थियां गायब मिली थीं। उस समय गांव में जानकारी देने के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया था। अब तीसरी घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में चिंता और भय बढ़ गया है।

गुरुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। फिलहाल परिजन क्रियाकर्म में व्यस्त हैं। उनके बयान दर्ज करने के बाद जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


Related Articles