Chhattisgarh Kanker News: कांकेर। जिला मुख्यालय स्थित विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता कार्यालय में मिठाई के डिब्बों की जगह शराब की बोतलें बांटे जाने का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेताओं ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोप लगाया है कि त्योहार के अवसर पर विभाग के अधिकारियों को उपहार के रूप में मिठाई की जगह शराब की बोतलें दी जा रही थीं। मामला सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि विद्युत विभाग में इस तरह की गतिविधियां अनियमितता और भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती हैं। उन्होंने मामले की प्रशासन से शिकायत करने की बात भी कही है।
पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें की जब्त
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यपालन अभियंता को पूछताछ के लिए कोतवाली थाना ले गई। इसके बाद विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी बड़ी संख्या में कोतवाली थाना पहुंच गए। पुलिस ने कार्यालय से मिली शराब की बोतलों को जांच के लिए जब्त कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
कार्यालय में शराब की बोतलें कहां से आईं, जानकारी नहीं : अधिकारी
कार्यालय में शराब की बोतलें मिलने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं विद्युत विभाग के अधिकारी ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि कार्यालय में शराब की बोतलें कहां से आईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई और इस दौरान उनके साथ अभद्रता की गई। अधिकारी ने इस व्यवहार को अशोभनीय बताया है।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कार्यालय में शराब की बोतलें किसने और किस उद्देश्य से रखी थीं।

