Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। तखतपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में लगाए गए स्मार्ट मीटरों को लेकर राजनीतिक विवाद सामने आया है। स्मार्ट मीटरों पर ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’ लिखे स्टिकर लगाए जाने का मामला सामने आया है। इन स्टिकरों पर नगर पालिका परिषद तखतपुर के नाम का भी उल्लेख किया गया है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटरों पर ये स्टिकर लगाए हैं। कांग्रेस की ओर से स्मार्ट मीटरों का विरोध किया जा रहा है। कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों से स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली बिल के नाम पर वसूली की जा रही है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। वहीं, स्मार्ट मीटर को लेकर भाजपा पार्षद दल ने प्रशासन के समक्ष अपना पक्ष रखने की तैयारी की है। भाजपा पार्षद दल की ओर से एसडीएम को ज्ञापन सौंपने की बात कही गई है, जिसमें स्मार्ट मीटर लगाने और इसको लेकर लगाए जा रहे आरोपों के संबंध में प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।

