Raipur News : हाईवा को ओवरटेक करना पड़ा भारी, एक्टिवा अनियंत्रित होकर वाहन की चपेट में आई; एक की मौत

Raipur News : हाईवा को ओवरटेक करना पड़ा भारी, एक्टिवा अनियंत्रित होकर वाहन की चपेट में आई; एक की मौत

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। अभनपुर के मंडी रोड के पास सोमवार को हाईवा को ओवरटेक करने के दौरान एक्टिवा सवार तीन नाबालिग हादसे का शिकार हो गए। तीनों एक ही एक्टिवा पर बिना हेलमेट सवार थे। हादसे में 16 वर्षीय कृष्ण कुमार साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दो अन्य नाबालिग घायल हो गए। तीनों बकतरा सिंचाई कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, तीनों नाबालिग एक्टिवा से मंडी रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आगे चल रहे हाईवा को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान एक्टिवा अनियंत्रित होकर हाईवा की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद कृष्ण कुमार साहू हाईवा के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायल नाबालिगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों घायल भी बकतरा सिंचाई कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा को जब्त कर थाने में खड़ा कराया। हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

प्रारंभिक जांच में हाईवा को ओवरटेक करने के दौरान हादसा होने की बात सामने आई है। एक ही एक्टिवा पर तीन नाबालिगों के बिना हेलमेट सवार होने की जानकारी भी सामने आई है। हादसे की पूरी परिस्थितियों और दुर्घटना में किसकी लापरवाही रही, इसका पता पुलिस जांच के बाद चलेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


Related Articles