CM Vishnu Deo Sai Visit Singapore: रायपुर: भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ओर से छत्तीसगढ़ को प्रथम SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए नामित किया गया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की ओर से सहभागिता करेंगे। फोरम के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में मुख्यमंत्री सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा।
छत्तीसगढ़ को प्रमुख निवेश गंतव्य बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों, मजबूत अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं के जरिए छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
वैश्विक निवेशकों के सामने विकास की संभावनाएं होंगी प्रस्तुत
मुख्यमंत्री साय की SING फोरम 2026 में सहभागिता के दौरान छत्तीसगढ़ की विकास संभावनाओं और निवेश अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। फोरम के माध्यम से राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेश के नए अवसर तलाशने और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद का मंच मिलेगा।

