CG Balrampur News: बलरामपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से वड़नगर (गुजरात) से काशी (वाराणसी) तक निकाली जा रही जल जन सेवा संकल्प यात्रा शनिवार को बलरामपुर जिले पहुंची। जिले में विभिन्न स्थानों पर यात्रा का कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। इस दौरान युवाओं में खासा जोश देखने को मिला।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के निर्देश, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल के मार्गदर्शन और भाजयुमो जिलाध्यक्ष मंगलम पांडे के सहयोग से यात्रा जिले में पहुंची। यात्रा के जिला प्रभारी अभय पैकरा और आकाशदीप पटेल के नेतृत्व में युवाओं की टोली आगे बढ़ रही है। वहीं, प्रथम दिवस के प्रभारी प्रशांत सिंह ने यात्रा की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।
परसवार में बाइक रैली के साथ हुआ यात्रा का स्वागत
शाम करीब 4 बजे यात्रा के परसवार चौक पहुंचने पर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और जय श्री राम के नारों के साथ स्वागत किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बाइक रैली के साथ यात्रा में शामिल हुए। अवधेश चंदेल, शिवनाथ यादव, जितेंद्र देवांगन, लवकेश साहू, आशीष जायसवाल, विकास जायसवाल, निक्कू सिंह और राजेश यादव समेत डौरा युवा मोर्चा की टीम ने बाइक रैली के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया।
डौरा स्कूल परिसर में हुआ भव्य स्वागत
शाम करीब 5 बजे यात्रा का काफिला डौरा स्कूल परिसर पहुंचा। यहां ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रा का स्वागत किया गया। स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा ने यात्रा में शामिल युवाओं का अभिनंदन किया।
इस दौरान वरिष्ठ नेता महेंद्र गुप्ता, राजू गुप्ता, गिरजानंद पटेल, संतोष आयाम, देवकुमार, भागीरथी, ममता रजक, अनिता, राजेंद्र, सोमारू यादव, प्रेमलाल रजक, राजेंद्र कांशी और चरकु यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
युवा लाभार्थी संवाद में योजनाओं के लाभ साझा किए
डौरा स्कूल परिसर में युवा लाभार्थी संवाद कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इसमें युवाओं ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से मिले लाभों को साझा किया। युवाओं ने मुद्रा योजना, स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य योजनाओं से मिले लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य जल संरक्षण और जनसेवा के संदेश को लोगों तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के अंत में युवाओं और उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण तथा जनसेवा का संकल्प लिया।

