Dhamtari News: फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लूटपाट करने वाले आरोपियों पर शिकंजा, दो फरार आरोपी गिरफ्तार

Dhamtari News: फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लूटपाट करने वाले आरोपियों पर शिकंजा, दो फरार आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। खुद को पुलिसकर्मी बताकर अपहरण और लूटपाट करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को मगरलोड पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान विकास आडिल और साहिल अली के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से कार और मोबाइल सहित कुल 7 लाख 58 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।

यह घटना 3 मार्च 2026 की है। शिकायतकर्ता देवेंद्र कुमार मारकंडे अपने साथियों फगेश्वर कुमार, लक्ष्मण यादव, लीलेश कुमार और दुर्गेश कुमार के साथ पिकअप वाहन से बछड़ों को लेकर मुड़केरा जा रहे थे। सभी ग्राम छाती, थाना कुरुद के रहने वाले हैं। इसी दौरान आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर सफेद स्विफ्ट कार में सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर देवेंद्र और उनके साथियों को डराया-धमकाया, गाली-गलौज और मारपीट की।

आरोपियों ने देवेंद्र का अपहरण कर उसे दुगली की ओर ले गए। रास्ते में कथित तौर पर उनसे 13 हजार 800 रुपए नकद और फोन-पे के माध्यम से 30 हजार रुपए जबरन ट्रांसफर करवाए गए। इस तरह कुल 43 हजार 800 रुपए की लूट की गई। देवेंद्र की शिकायत पर मगरलोड थाने में मामला दर्ज किया गया था।

मगरलोड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन मुख्य आरोपियों ओमकार कुर्रे (40), चांद कुर्रे (19) और राहुल कुर्रे (26) को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। तीनों धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम पाईकभाठा के रहने वाले हैं और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार तीन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान 7 लाख 58 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई थी। घटना के बाद सह-आरोपी विकास आडिल और साहिल अली फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार दोनों की तलाश कर रही थी। अब दोनों को गिरफ्तार कर प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


Related Articles