पाटन: गायत्री परिवार द्वारा परम वंदनीया माताजी के अवतरण दिवस के पावन अवसर पर आगामी 20 सितंबर 2026 (रविवार) को गायत्री शक्तिपीठ, पाटन में एक दिवसीय भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ‘सबके लिए सद्बुद्धि – सबके लिए उज्ज्वल भविष्य’ के दिव्य संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।
दिनभर आयोजित होंगे आध्यात्मिक अनुष्ठान:
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:00 बजे से होगी, जो देर शाम तक चलेगी। विस्तृत सारणी निम्न अनुसार है:
सामूहिक मंत्र जाप : प्रातः 6:00 बजे से संध्या 6:00 बजे तक लगातार 12 घंटे का सामूहिक गायत्री मंत्र जाप संपन्न होगा।
1कुंडीय गायत्री महायज्ञ : प्रातः 10:00 बजे से विशेष 1 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
251 दीपों का दिव्य दीपयज्ञ : जाप एवं महायज्ञ के तत्पश्चात संध्या काल में 251 दीपों से अलौकिक दीपयज्ञ सजाया जाएगा।
श्रद्धालुओं एवं परिजनों से विशेष अपील :
गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों ने बताया कि माताजी का जीवन त्याग, सेवा, करुणा और मानवता की अद्भुत मिसाल है, जिनके संस्कारों से असंख्य जीवन प्रदीप्त हुए हैं। शक्तिपीठ प्रबंधन, समस्त ट्रस्टियों एवं परिजनों ने क्षेत्रवासियों से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की प्रार्थना की है। इसके साथ ही, दीपयज्ञ को भव्य रूप देने हेतु सभी माताओं एवं बहनों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे अपने साथ 5-5 दीप अवश्य लेकर आएं।

