Raipur News: नरेंद्र साहू से दुर्व्यवहार पर साहू संघ ने जताया आक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Raipur News: नरेंद्र साहू से दुर्व्यवहार पर साहू संघ ने जताया आक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। गुढ़ियारी थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ दुर्व्यवहार और अभद्र व्यवहार के मामले में छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने पुलिस कमिश्नर रायपुर को पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संघ ने घटना को गंभीर बताते हुए इसे समाज के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा विषय बताया है।

साहू संघ की ओर से सौंपे गए पत्र में बताया गया है कि 15 सितंबर 2026 को गुढ़ियारी थाने में थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। संघ ने पूरे मामले की निष्पक्ष और तत्काल जांच कराने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि नरेंद्र साहू पुलिस अधिकारी होने के साथ साहू समाज के प्रतिष्ठित एवं सम्मानित व्यक्ति भी हैं। उनके साथ हुए कथित दुर्व्यवहार से समाज में आक्रोश है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने पुलिस कमिश्नर से आग्रह किया है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए। संघ का कहना है कि ऐसी कार्रवाई से भविष्य में किसी पुलिस अधिकारी या सम्मानित नागरिक के साथ इस तरह के व्यवहार की पुनरावृत्ति को रोका जा सकेगा। यह पत्र प्रदेश संयोजक अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ बीसी साहू, प्रदेश कोषाध्यक्ष गोपाल साहू और प्रदेश महामंत्री उधो प्रसाद साहू के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।

बताया गया है कि हाल ही में गुढ़ियारी थाने में भाजयुमो नेता और पुलिस के बीच विवाद के बाद थाना परिसर में तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं कांग्रेस की ओर से आरोपी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी की गई है।

मामले के अनुसार निर्धारित समय-सीमा के बाद नियम विरुद्ध डीजे बजाए जाने पर पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इसी कार्रवाई को रुकवाने और संबंधित व्यक्ति को छोड़ने के लिए शुभांकर द्विवेदी द्वारा कथित तौर पर दबाव बनाए जाने की बात सामने आई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि थाना परिसर में तोड़फोड़ करने के साथ थाना प्रभारी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। अब साहू संघ ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


Related Articles