Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। कबीरधाम जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान सिटी कोतवाली पुलिस ने नया बस स्टैंड के सामने कथित रूप से अवैध देशी शराब की बिक्री कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 पाव देशी प्लेन शराब, बिक्री की रकम और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल कीमत करीब 72 हजार रुपये है।
पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस टीम देहात-कस्बा पेट्रोलिंग और अपराधों की पतासाजी के दौरान नया बस स्टैंड के सामने पहुंची थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में देशी शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम दुर्गेश यादव पिता सीताराम यादव, उम्र 24 वर्ष, निवासी तिवारी नवागांव, थाना कवर्धा बताया। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद लाल-पीले रंग के कपड़े के थैले से 10 पाव देशी प्लेन मदिरा शेरा कंपनी और 10 पाव देशी प्लेन मदिरा पावर कंपनी की शराब बरामद हुई। कुल 20 पाव शराब की मात्रा 3.60 बल्क लीटर और कीमत 1,600 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से 400 रुपये की बिक्री रकम और करीब 70 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 09 JM 8785 भी जब्त की है। इस तरह जब्त सामान की कुल कीमत करीब 72 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(1)(ख) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन और डीएसपी मुख्यालय आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
कबीरधाम पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। पुलिस ने आमजन से अवैध शराब या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

