MP News: CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान; शुजालपुर बनेगा शिक्षा और विकास का नया केंद्र, हेलीपैड-स्टेडियम भी बनेंगे

MP News: CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान; शुजालपुर बनेगा शिक्षा और विकास का नया केंद्र, हेलीपैड-स्टेडियम भी बनेंगे

MP News: भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शाजापुर जिले के शुजालपुर क्षेत्र को विकास की कई बड़ी सौगातें देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में शाजापुर और शुजालपुर प्रदेश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले क्षेत्रों में शामिल होंगे। उन्होंने शुजालपुर में नवीन शासकीय विधि महाविद्यालय (लॉ कॉलेज) खोलने की स्वीकृति देने के साथ ही हेलीपैड, आधुनिक स्टेडियम और भोपाल-मंदसौर नए हाईवे के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से शिक्षा, रोजगार, व्यापार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास होगा।

यह घोषणा मुख्यमंत्री निवास पर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के नेतृत्व में शुजालपुर क्षेत्र के नागरिकों के साथ आयोजित चर्चा कार्यक्रम के दौरान की गई। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का गणमाला पहनाकर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेश केवट सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शाजापुर और शुजालपुर को दो बड़े मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रों का लाभ मिलेगा। एक ओर इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन एरिया का विस्तार इस क्षेत्र तक होगा, वहीं दूसरी ओर भोपाल मेट्रोपॉलिटन एरिया से जुड़ने के कारण औद्योगिक, व्यावसायिक और शहरी विकास को नई गति मिलेगी। इससे निवेश बढ़ेगा, रोजगार के अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि शुजालपुर को शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में सरकार गंभीरता से काम कर रही है। नवीन शासकीय विधि महाविद्यालय की स्थापना से विद्यार्थियों को कानून की पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। साथ ही भविष्य में अन्य विषयों की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उनके घर के आसपास बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत बड़ी विकास परियोजनाओं का लाभ पूरे मध्य प्रदेश को मिल रहा है। पार्वती-कालीसिंध-चंबल अंतर्राज्यीय नदी जोड़ो परियोजना से शाजापुर जिले के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, जिससे कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और किसानों की आय बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार “कृषक कल्याण वर्ष” के तहत खेती के साथ-साथ दुग्ध उत्पादन और पशुपालन को भी बढ़ावा दे रही है, ताकि किसानों को आय के अतिरिक्त स्रोत उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी घोषणा की कि भोपाल से मंदसौर तक बनने वाला नया हाईवे शुजालपुर क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क प्रदान करेगा। इसके अलावा क्षेत्र में हेलीपैड और आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र का समग्र विकास होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के प्रत्येक क्षेत्र में समान रूप से कार्य कर रही है और शुजालपुर भी इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा।

उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. मोहन यादव का शुजालपुर से विद्यार्थी जीवन से ही गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र को लगातार नई विकास परियोजनाओं की सौगात मिल रही है, जिससे शिक्षा, अधोसंरचना और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी। कार्यक्रम में राजेश मोहन वास्तव, हेमराज सिंह सिसोदिया, कैलाश सोनी, अशोक नायक, योगेंद्र सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं का स्वागत करते हुए इसे शुजालपुर और शाजापुर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।


Related Articles