Chhattisgarh News: सांकरा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। विद्यालय परिसर में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्रार्थना शेड का भूमि पूजन क्षेत्र के युवा सरपंच रवि सिंगौर के कर-कमलों से विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस निर्माण कार्य से विद्यार्थियों को धूप और बारिश से राहत मिलने के साथ विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सरपंच रवि सिंगौर ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है। प्रार्थना शेड बनने से छात्र-छात्राएं मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से प्रभावित हुए बिना नियमित प्रार्थना सभा में शामिल हो सकेंगे। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, शैक्षणिक आयोजन और अन्य गतिविधियों के लिए भी एक व्यवस्थित एवं सुरक्षित मंच उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर पंच शुभम जांगड़े, महेंद्र पारधी, वीरेंद्र यदु, श्यामू बंजारे और दीपक सिंगौर सहित विद्यालय परिवार, ग्रामवासी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने इस विकास कार्य का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार और जनप्रतिनिधियों ने इस जनहितकारी कार्य की स्वीकृति के लिए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल तथा क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि प्रार्थना शेड के निर्माण से विद्यालय का वातावरण और अधिक सुव्यवस्थित होगा तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने में यह सुविधा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

