Free Flow Toll System: करनाल। हरियाणा में टोल संग्रह व्यवस्था अब पूरी तरह तकनीक आधारित होने जा रही है। करनाल के बस्ताड़ा टोल प्लाजा पर दोपहर 2 बजे से मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) प्रणाली लागू कर दी गई है। इसके साथ ही वाहन चालकों को अब टोल प्लाजा पर रुककर शुल्क देने की जरूरत नहीं होगी। वाहन अपनी सामान्य रफ्तार से गुजरेंगे और टोल टैक्स स्वतः फास्टैग के माध्यम से कट जाएगा। इस नई व्यवस्था से यात्रियों का समय बचेगा, ईंधन की खपत कम होगी और टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों से भी छुटकारा मिलेगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की परियोजना निदेशक आकृति गुप्ता और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में इस अत्याधुनिक प्रणाली का शुभारंभ किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सिस्टम का ट्रायल पूरी तरह सफल रहा और लागू होने के बाद भी यातायात बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। नई व्यवस्था में टोल बूथ और बैरियर हटा दिए गए हैं, जिससे वाहन बिना रुके सीधे गुजर रहे हैं।
अब निगरानी पर रहेगा जोर
एमएलएफएफ प्रणाली लागू होने के बाद टोल कर्मचारियों की भूमिका भी बदल गई है। अब उनका काम वाहनों को रोकना या दस्तावेजों की जांच करना नहीं, बल्कि तकनीकी संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखना होगा। इससे ट्रैफिक का प्रवाह पहले की तुलना में अधिक तेज और सुगम हो गया है।
लोकल वाहन चालकों के लिए मासिक और वार्षिक पास
नई व्यवस्था के तहत स्थानीय पहचान (लोकल आईडी) की पुरानी प्रणाली समाप्त कर दी गई है। अब टोल से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले वाहन मालिक 350 रुपये का मासिक पास बनवा सकेंगे, जिसके जरिए वे पूरे महीने असीमित बार आवागमन कर पाएंगे। जिन लोगों के पास पहले से स्थानीय पास है, वह निर्धारित अवधि तक मान्य रहेगा।
इसके अलावा 3075 रुपये का वार्षिक पास भी उपलब्ध कराया गया है, जिसमें 200 ट्रिप शामिल हैं। यदि किसी वाहन चालक के पास मासिक और वार्षिक दोनों पास हैं तो पहले मासिक पास के तहत यात्रा दर्ज होगी और वार्षिक पास से शुल्क नहीं कटेगा।
फास्टैग अनिवार्य, नहीं तो भेजा जाएगा नोटिस
टोल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जिन वाहनों में फास्टैग नहीं होगा, उनके मोबाइल नंबर पर टोल पार करने के बाद नोटिस भेजा जाएगा। वाहन चालक को 24 घंटे के भीतर टोल शुल्क जमा करना होगा। यदि 72 घंटे तक भुगतान नहीं किया गया तो अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा और बाद में दोगुना टोल भी वसूला जा सकता है।
नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कोई वाहन चालक नंबर प्लेट छिपाकर या उसमें छेड़छाड़ कर टोल शुल्क से बचने का प्रयास करता है तो इसे कानूनन अपराध माना जाएगा। ऐसे मामलों में भारी जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
देशभर में लागू होगी नई तकनीक
टोल मैनेजर प्रदीप मलिक ने बताया कि बस्ताड़ा टोल प्लाजा हरियाणा का पहला और देश का चौथा टोल प्लाजा बन गया है, जहां मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम लागू किया गया है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने फास्टैग को सक्रिय रखें और उसमें पर्याप्त बैलेंस बनाए रखें, ताकि यात्रा निर्बाध बनी रहे।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह तकनीक देश के अन्य टोल प्लाजा पर भी चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी। इससे न केवल समय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण में कमी आने के साथ सड़क परिवहन व्यवस्था भी अधिक आधुनिक, सुरक्षित और सुगम बनेगी।

