Durg News: ऑपरेशन ‘विश्वास’ में दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

Durg News: ऑपरेशन ‘विश्वास’ में दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 और 22 जून को थाना उतई, रानीतराई, खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र में मुखबिर की सूचना के आधार पर पांच अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने कुल 297 पौवा और 14 बोतल अवैध शराब, बिक्री से प्राप्त 20 हजार 780 रुपये नकद तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की।

उतई क्षेत्र में दो स्थानों पर कार्रवाई

थाना उतई क्षेत्र के ग्राम पतोरा में पुलिस ने पुरेंद्र ठाकुर और शिवराम यादव को मोटरसाइकिल से अवैध शराब का परिवहन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। उनके कब्जे से 32 पौवा शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। वहीं, मुक्तिधाम रोड पतोरा में दिलेश कुमार पारधी के पास से 30 पौवा अवैध शराब बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया।

रानीतराई में 203 पौवा शराब के साथ आरोपी दबोचा गया

थाना रानीतराई क्षेत्र के ग्राम घोरारी में पुलिस ने आरोपी नोगेंद्र बंजारे को अवैध शराब की बिक्री करते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से 203 पौवा शराब और बिक्री से प्राप्त 700 रुपये नकद बरामद किए गए। यह अभियान की सबसे बड़ी बरामदगी रही।

खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र में भी कार्रवाई

थाना खुर्सीपार क्षेत्र के उड़िया बस्ती बापूनगर में मुबारक हुसैन के कब्जे से 32 पौवा शराब और 6 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। वहीं, थाना छावनी क्षेत्र के शीतला मंदिर कॉम्प्लेक्स के पास स्थित खंडहर से शुभम तागड़े को 14 बोतल शराब और 200 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज, भेजे गए जेल

पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ “ऑपरेशन विश्वास” के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


Related Articles