Chhath Puja 2026: 14 नवंबर को खरना, जानें डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने का समय

Chhath Puja 2026: 14 नवंबर को खरना, जानें डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने का समय

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हो चुकी है। आज 14 नवंबर को दूसरे दिन खरना मनाया जाएगा। इसके साथ ही व्रती महिलाएं 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करेंगी। 15 नवंबर को डूबते सूर्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पर्व का समापन होगा। रायपुर के महादेव घाट सहित 70 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा की तैयारियां की गई हैं।

खरना के दिन व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखती हैं। शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण कर खरना का व्रत पूरा करती हैं। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होता है, जो उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद समाप्त होता है।

छठ पूजा के प्रमुख मुहूर्त

– खरना पूजा: शाम 5:22 से 7:46 बजे तक
– डूबते सूर्य को अर्घ्य: 15 नवंबर, शाम 5:24 बजे
– उगते सूर्य को अर्घ्य: 16 नवंबर, सुबह 6:07 बजे के बाद

छठ महापर्व आयोजन समिति महादेव घाट के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी की गई है। 15 नवंबर को शाम 4 बजे से महादेव घाट पर लोक गायिका गायत्री यादव, मुकुल सिंह और इशरत जहां केडिया छठ गीतों की प्रस्तुति देंगे।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ी कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। प्रयागराज की सोनाली तरुण चोपड़ा और उनकी टीम अंतरराष्ट्रीय नृत्य नाटिका एवं झांकियां पेश करेगी। शाम को महाआरती का आयोजन भी होगा।

रायपुर में खारुन नदी के महादेव घाट, व्यास तालाब सहित 70 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा की जाएगी। नवा रायपुर के झांझ तालाब में भी भव्य आयोजन होगा। समिति, जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से घाटों की सफाई और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

छठ पूजा सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित प्रमुख लोकपर्व है। इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में यह पर्व मनाया जाता है। नेपाल, मॉरीशस, फिजी, अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य देशों में बसे भारतीय समुदाय भी इस परंपरा को उत्साह से निभाते हैं।


Related Articles