Durg News: वॉशिंग पाउडर की आड़ में चल रही थी जर्दा गुटखा फैक्ट्री, दुर्ग पुलिस ने किया भंडाफोड़, भारी मात्रा में सामग्री जब्त, आरोपी फरार

Durg News: वॉशिंग पाउडर की आड़ में चल रही थी जर्दा गुटखा फैक्ट्री, दुर्ग पुलिस ने किया भंडाफोड़, भारी मात्रा में सामग्री जब्त, आरोपी फरार

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने एक बड़े अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए वॉशिंग पाउडर निर्माण की आड़ में संचालित की जा रही जर्दा युक्त गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के कचांदुर गांव स्थित एक किराए के गोदाम में बड़े पैमाने पर गुटखा निर्माण और पैकेजिंग का काम चल रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार गुटखा, मीठी सुपारी, रॉ मटेरियल और मशीनें जब्त कर गोदाम को सील कर दिया है। हालांकि मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, सुपेला निवासी मोहम्मद मुस्तफा का गोदाम करीब 20 दिन पहले उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी मोहम्मद शान ने किराए पर लिया था। उसने गोदाम मालिक को बताया था कि वह यहां डिटर्जेंट पाउडर निर्माण का काम करेगा। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य दिखाई दिया, लेकिन कुछ दिनों बाद किराएदार का संपर्क पूरी तरह टूट गया। उसका मोबाइल फोन लगातार बंद आने लगा, जिससे गोदाम मालिक को संदेह हुआ।

गोदाम मालिक के शक ने खोला करोड़ों के अवैध कारोबार का राज

किराएदार की गतिविधियों पर संदेह होने के बाद गोदाम मालिक ने इसकी सूचना जेवरा सिरसा चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोदाम की तलाशी ली। जांच के दौरान पुलिस के भी होश उड़ गए। अंदर बड़े पैमाने पर जर्दा युक्त गुटखा तैयार करने और उसकी पैकेजिंग का काम चल रहा था।

पुलिस ने मौके से 32 बड़े बोरों में पैक तैयार गुटखा, 32 बोरों में मीठी सुपारी, गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकिंग मशीन और मिक्सिंग मशीन बरामद की। पूरे गोदाम को तत्काल सील कर दिया गया।

फूड सेफ्टी विभाग को सौंपी गई जब्त सामग्री

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग (फूड सेफ्टी) की टीम को भी मौके पर बुलाया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि गोदाम में अवैध रूप से जर्दा युक्त गुटखा तैयार कर उसकी पैकेजिंग की जा रही थी। बरामद सामग्री को आगे की जांच के लिए फूड सेफ्टी अधिकारियों को सौंप दिया गया है।

मुख्य आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, गोदाम संचालक और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि यह कारोबार काफी संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था और इसकी जांच के बाद कई अन्य खुलासे भी हो सकते हैं।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध कारोबार और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Related Articles