Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित ट्रक आगजनी और डायल-112 पुलिस जवानों पर हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को प्रतापपुर थाना से करीब 500 मीटर दूर कदमपारा चौक से पैदल जुलूस निकालते हुए थाने लाया गया। इस दौरान आरोपियों से “जुर्म करना पाप है, पुलिस तुम्हारा बाप है” जैसे नारे भी लगवाए गए। इस कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है और इसे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
दरअसल, कुछ दिन पहले खजरी-रामपुर मार्ग पर सड़क किनारे खड़े एक लावारिस ट्रक से टकराने के कारण बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर खड़े ट्रक में आग लगा दी थी। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि उग्र भीड़ ने पुलिस जवानों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें कई जवान घायल हो गए थे।
घटना के बाद प्रतापपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी हैं – मुकेश पैकरा, प्रकाश पैकरा, करमसाय पैकरा, नरेश पैकरा, शिवसागर पैकरा, पारसनाथ पैकरा, अभय पैकरा और रामकेवल पैकरा। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून को हाथ में लेने वालों तथा शासकीय कार्य में बाधा डालकर पुलिस बल पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

