CG Accident News: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दर्दनाक और चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां बतरा बांध में 9 ग्रामीणों से भरी नाव पलट गई। इस हादसे में 6 लोग किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि 3 ग्रामीण अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है।
मछली पकड़ने गए थे ग्रामीण, रात में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह घटना करंजी चौकी क्षेत्र के बतरा इलाके की है। बताया जा रहा है कि प्रतिबंध के बावजूद सोमवार देर रात 9 ग्रामीण अंधेरे में मछली पकड़ने के लिए बांध में नाव लेकर गए थे। इसी दौरान नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे सभी लोग पानी में गिर गए।
अंधेरे में मची चीख-पुकार, 6 लोग तैरकर बाहर निकले
नाव पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अंधेरे और गहरे पानी के बावजूद 6 ग्रामीण किसी तरह तैरकर किनारे पहुंचने में सफल रहे और अपनी जान बचा ली। हालांकि 3 लोग पानी में डूबकर लापता हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस और DDRF ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही करंजी चौकी पुलिस और जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। बांध में लापता ग्रामीणों की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद भी ली जा रही है।
प्रतिबंध के बावजूद रात में नाव का उपयोग बना हादसे की वजह
प्रशासन द्वारा इस क्षेत्र में रात के समय और प्रतिबंधित अवधि में मछली पकड़ने पर रोक लगी हुई है, इसके बावजूद ग्रामीणों द्वारा नियमों की अनदेखी की गई। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि ओवरलोड और अंधेरे के कारण नाव असंतुलित होकर पलट गई।

