CM Vishnu Deo Sai Visit Rajnandgaon: राजनांदगांव। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 22 जून को राजनांदगांव जिले के दौरे पर रहेंगे। वे शहर के ऐतिहासिक स्टेट हाई स्कूल मैदान में आयोजित प्रगतिशील किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। इस भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम में पूरे संभाग से बड़ी संख्या में किसानों और नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर विशाल वाटरप्रूफ डोम (पंडाल) तैयार किया गया है, जहां हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है तथा मंच के पीछे और गैलरी में लोकार्पण एवं भूमिपूजन के लिए दर्जनों शिलालेख लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री इस अवसर पर जिले के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे।
बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। सोमवार सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर में भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक जाम से बचने के लिए बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मोहारा ब्रिज बायपास तथा खैरागढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को गठुला मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं नेशनल हाईवे-53 से आने वाले वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा और सीआईटी चौक बायपास की ओर मोड़ा जाएगा।
विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों और बसों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। सोमनी (रायपुर मार्ग) से आने वाले वाहन महावीर चौक पर यात्रियों को उतारने के बाद जाली खाता पार्किंग और एबीस पार्किंग में खड़े किए जाएंगे, जबकि तुमडीबोड और डोंगरगांव की ओर से आने वाले वाहन सिविल लाइन पर यात्रियों को उतारकर निर्धारित पार्किंग स्थलों में भेजे जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के लिए चिखली ओवरब्रिज से गेट नंबर-2 और नगर निगम पार्किंग से प्रवेश की व्यवस्था की गई है, जबकि आम नागरिकों को सबेरा संकेत कार्यालय के सामने स्थित गेट नंबर-1 से पैदल प्रवेश दिया जाएगा।
यातायात पुलिस ने बताया कि पीटीएस, अंबेडकर चौक, प्यारेलाल चौक, नया बस स्टैंड, महावीर चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, पुराना बस स्टैंड, अग्रवाल ट्रांसपोर्ट और स्पीकर निवास मार्ग सहित कई प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ और यातायात का दबाव रहेगा। ऐसे में आम लोगों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें।

