Bhilai Congress Protest: भिलाई। बिजली दरों में बढ़ोतरी, अव्यवस्थित विद्युत व्यवस्था और अनियमित बिजली कटौती के विरोध में भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को पावरहाउस स्थित बिजली कार्यालय का घेराव किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। कांग्रेसजनों ने जमकर नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मिलने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण यंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने, अव्यवस्थित विद्युत व्यवस्था में सुधार, अनियमित बिजली कटौती बंद करने और स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाने की मांग की गई।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पावरहाउस स्थित अंबेडकर चौक पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया गया। इस दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और खींचतान भी हुई। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाकर पुतला दहन किया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि बिजली दरों में अप्रत्याशित वृद्धि से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली बिल हाफ योजना में कटौती और स्मार्ट मीटरों के कारण उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़ गए हैं। साथ ही लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

