Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत औंरी में निर्माणाधीन नए तालाब का निरीक्षण करने दुर्ग सांसद विजय बघेल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने तालाब के किनारे वृक्षारोपण कर जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया।
गौरतलब है कि ग्रामवासियों द्वारा लंबे समय से नए तालाब की मांग की जा रही थी। वर्षों पुरानी इस मांग को सांसद विजय बघेल की अनुशंसा पर स्वीकृति मिली, जिसके बाद तालाब निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। ग्रामीणों का मानना है कि तालाब बनने से क्षेत्र के भू-जल स्तर में सुधार होगा और निस्तारी संबंधी समस्याओं से भी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सांसद विजय बघेल ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए तालाबों का निर्माण अत्यंत आवश्यक है, जिससे किसानों और ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक, मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर, जनपद सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हर्षा लोकमनी चंद्राकर, दीपक चंद्राकर, लोकमनी चंद्राकर, जनपद सदस्य श्रीमती कस्तूरी पन्नालाल बंजारे, ग्राम पंचायत सरपंच कलेंद्री मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। मौके पर जनपद पंचायत पाटन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) भी मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने तालाब निर्माण कार्य के लिए सांसद विजय बघेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना गांव के विकास और जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

