Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत कुर्मी गुंडरा में जनकल्याण समिति के अध्यक्ष युगल किशोर आडिल के नेतृत्व में किसानों और ग्रामीणों ने खाद-बीज की उपलब्धता तथा पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग को लेकर वृहद स्तर पर जल सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया है। बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण पानी में खड़े होकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सेवा सहकारी समितियों में खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कई पात्र परिवार आज भी आवास योजना के लाभ से वंचित हैं, जिससे उनमें नाराजगी है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और शासन का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसी के चलते ग्रामीणों ने जल सत्याग्रह का रास्ता अपनाया है।
पाटन विधानसभा क्षेत्र में इस आंदोलन को ऐतिहासिक माना जा रहा है। क्षेत्र में पहले भी विभिन्न मांगों को लेकर कई बड़े आंदोलन हुए हैं, लेकिन जल सत्याग्रह के इस स्वरूप को पहली बार देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी के कारण यह आंदोलन पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।
आंदोलनकारियों ने शासन-प्रशासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

