Bhilai News: स्कूटी जलाने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, घर में घुसकर हमला, गर्भवती महिला समेत कई घायल

Bhilai News: स्कूटी जलाने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, घर में घुसकर हमला, गर्भवती महिला समेत कई घायल

Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के बॉम्बे आवास घासीदास नगर में मंगलवार रात एक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। 10 से 15 युवकों के समूह ने कथित तौर पर एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों और बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसियों पर हमला कर दिया। घटना में गर्भवती महिला समेत कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार वार्ड-23 घासीदास नगर निवासी दीपक साहू और उनके परिवार पर कुछ युवकों ने हमला किया। आरोप है कि हमलावर घर में घुस गए और जमकर मारपीट की। शोर सुनकर मदद के लिए पहुंचे पड़ोसियों को भी नहीं बख्शा गया और उन पर भी हमला कर दिया गया।

हमले में पड़ोसी सतीश मार्कण्डेय और आरती साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि आरती साहू गर्भवती हैं। सभी घायलों को पहले सीसीएम मेडिकल कॉलेज, कचांदुर ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए श्री शंकराचार्य अस्पताल रेफर किया गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक दो दिन पहले दीपक साहू के घर के बाहर खड़ी स्कूटी में आग लगाने के मामले में एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोप है कि जमानत मिलने के बाद उसी विवाद से जुड़े कुछ लोग मंगलवार रात करीब 8:30 बजे दीपक साहू के घर पहुंचे और हमला कर दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग देर रात जामुल थाने पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। लोगों का आरोप है कि पहले हुई घटना के बाद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए।

जामुल थाना प्रभारी रामेन सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हमले में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। पुलिस ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है।


Related Articles