Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। खरीफ सीजन के बीच खाद, डीजल और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) लोन की समस्याओं को लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। किसान महासंघ ने 19 जून को प्रतापपुर में बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। इसके तहत शुक्रवार सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
किसान नेताओं का कहना है कि खेती के सबसे महत्वपूर्ण समय में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और डीजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। वहीं बड़ी संख्या में पात्र किसान अब भी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) लोन से वंचित हैं, जिससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है। किसानों ने मांग की है कि सभी जरूरतमंद किसानों को तत्काल खाद, डीजल और केसीसी लोन उपलब्ध कराया जाए।
आंदोलन की तैयारी को लेकर किसान नेताओं ने क्षेत्र के किसानों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए “चलो प्रतापपुर” का नारा दिया है। उनका कहना है कि यह आंदोलन किसानों के अधिकार और भविष्य की लड़ाई है, इसलिए सभी किसानों को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
किसान महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। नेताओं ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
19 जून को प्रस्तावित इस आंदोलन को लेकर क्षेत्र के किसानों में उत्साह और आक्रोश दोनों दिखाई दे रहा है। किसान संगठन इसे किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए निर्णायक लड़ाई बता रहे हैं।

