मुरैना में दर्दनाक रेल हादसा: आग की अफवाह के बाद ट्रेन से उतरे यात्री, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 6 की मौत

मुरैना में दर्दनाक रेल हादसा: आग की अफवाह के बाद ट्रेन से उतरे यात्री, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 6 की मौत

Morena News: मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशनों के बीच उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद मची भगदड़ के दौरान छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। मृतकों में तीन महिलाएं और एक मासूम बच्चा भी शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ग्वालियर से मुरैना की ओर जा रही थी। इसी दौरान किसी यात्री ने ट्रेन के एक डिब्बे में आग लगने की बात कही, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घबराए यात्रियों ने आपातकालीन चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया और कई लोग ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर आ गए।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान दूसरी लाइन पर धौलपुर की ओर से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस वहां पहुंच गई। ट्रैक पर मौजूद कुछ यात्री उसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और मुरैना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया जारी है।

इस हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा। कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा, जबकि यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गईं। बाद में ट्रैक को खाली कर रेल यातायात सामान्य किया गया।

रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में ट्रेन में आग लगने की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का मानना है कि आग की अफवाह के कारण घबराहट में यात्री ट्रेन से उतर गए, जिसके चलते यह दुखद हादसा हुआ। पुलिस और रेलवे की संयुक्त टीम मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


Related Articles