महात्मा गांधी कला मंदिर में समाज सेवियों का हुआ सम्मान, सांसद विजय बघेल ने की सेवा भावना की सराहना

महात्मा गांधी कला मंदिर में समाज सेवियों का हुआ सम्मान, सांसद विजय बघेल ने की सेवा भावना की सराहना

Chhattisgarh News: भिलाई। महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में सेवक जन फाउंडेशन द्वारा समाज में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्य करने वाले समाज सेवियों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड में मंत्री दर्जा प्राप्त राकेश पांडेय, इंद्रजीत सिंह छोटू तथा मनीष पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह में समाज हित और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक समाज सेवियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने समाज सेवा के महत्व और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय लोगों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि जो लोग निस्वार्थ भाव से मानव सेवा को ईश्वर सेवा मानकर कार्य कर रहे हैं, वे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित समाज सेवियों का सम्मान कर सेवक जन फाउंडेशन ने एक सराहनीय और अनुकरणीय पहल की है।

सांसद बघेल ने कहा कि वर्तमान समय में समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना बेहद आवश्यक है। इससे न केवल सेवा कार्यों को नई ऊर्जा मिलती है, बल्कि अन्य लोगों को भी समाजहित में आगे आकर योगदान देने की प्रेरणा प्राप्त होती है।

उन्होंने सम्मानित सभी समाज सेवियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ईश्वर उन्हें जनसेवा के लिए और अधिक शक्ति, सामर्थ्य एवं उत्साह प्रदान करे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, युवा तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह के दौरान समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों के योगदान को सराहा गया और उन्हें सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।


Related Articles