Bhopal News: पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने रिटर्निंग ऑफिसर पर साधा निशाना, सेवा से बर्खास्त करने की उठाई मांग

Bhopal News: पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने रिटर्निंग ऑफिसर पर साधा निशाना, सेवा से बर्खास्त करने की उठाई मांग

Bhopal News: भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज किए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस फैसले को ‘घोर अपराध’ बताते हुए संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर (RO) को तत्काल सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है। दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखी।

दिग्विजय सिंह ने अपने फेसबुक पोस्ट में मीनाक्षी नटराजन को वर्तमान राजनीति की सबसे गांधीवादी नेताओं में से एक बताते हुए कहा कि वे कर्म, व्यवहार और आचरण से पूरी तरह गांधीवादी हैं। उन्होंने कहा कि वे मीनाक्षी को उनके छात्र जीवन से जानते हैं और हमेशा उन्हें एक ईमानदार एवं समर्पित जनप्रतिनिधि के रूप में देखा है।

‘अपराधिक प्रकरण’ के आरोप को बताया गलत

नामांकन रद्द होने के कारणों पर सवाल उठाते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन पर किसी आपराधिक प्रकरण को छिपाने का आरोप लगाया गया है, जबकि उनके खिलाफ ऐसा कोई मामला दर्ज ही नहीं है। उन्होंने कहा कि तथ्यात्मक आधार के बिना नामांकन खारिज करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

RO पर कार्रवाई की मांग

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि एक निष्पक्ष और ईमानदार नेता का नामांकन निरस्त करना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने मांग की कि इस निर्णय के लिए जिम्मेदार रिटर्निंग ऑफिसर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त किया जाए।

राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल

दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर निर्वाचन आयोग के समक्ष भी अपनी आपत्ति दर्ज करा सकती है। वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मामला आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है।


Related Articles