Chhattisgarh News Today: रायपुर। नगर पंचायत लखनपुर के विकास को नई दिशा देने के लिए 283 लाख रुपए की विभिन्न आधारभूत परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने इन कार्यों की शुरुआत करते हुए कहा कि लखनपुर का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री अग्रवाल ने बताया कि इन परियोजनाओं के तहत सड़क, नाली और सामुदायिक अधोसंरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के पूर्ण होने के बाद नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और नगर के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण से लखनपुर का स्वरूप तेजी से बदलेगा और यह नगर एक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित रूप में उभरेगा। इन कार्यों से न केवल मूलभूत जरूरतें पूरी होंगी, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक प्रगति का रास्ता भी मजबूत होगा।
मंत्री ने नगरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार जनहित के कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विकास की यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। क्षेत्र में इन विकास कार्यों को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया और लोगों ने भविष्य में भी ऐसे ही विकास कार्य जारी रहने की उम्मीद जताई।

