छत्तीसगढ़ की बेटी ने बढ़ाया मान: गोल्फ खिलाड़ी शिवानी सोनी ‘इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ से सम्मानित

छत्तीसगढ़ की बेटी ने बढ़ाया मान: गोल्फ खिलाड़ी शिवानी सोनी ‘इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ से सम्मानित

रायपुर: अंबिकापुर की उभरती प्रतिभा शिवानी सोनी ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। सर्वाधिक अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रदेश की पहली महिला खिलाड़ी के रूप में उन्हें इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा सम्मानित किया गया है उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुलाकात कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मंत्री ने बताया प्रेरणास्रोत
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि बेटियां जब अपनी प्रतिभा और मेहनत से सफलता हासिल करती हैं, तो पूरा समाज गौरवान्वित होता है। शिवानी सोनी की उपलब्धि न केवल युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभा का वैश्विक स्तर पर सशक्त उदाहरण भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और ऐसे खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

शिवानी ने जताया आभार
इस अवसर पर शिवानी सोनी ने मंत्री अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है और वे आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए पूरी मेहनत करेंगी।

शिवानी की इस उपलब्धि से अंबिकापुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है और उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही है।


Related Articles