खरोरा (रायपुर): धरसींवा विधानसभा के ग्राम मांठ में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ, रायपुर के जिला प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अनुज शर्मा शामिल हुए और पूजा-अर्चना कर केंद्र की आधारशिला रखी।
युवाओं के लिए बनेगा ‘संस्कार शाला’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र युवाओं के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग केवल गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। यह केंद्र युवाओं के लिए ‘संस्कार शाला’ के रूप में विकसित होगा, जहां से सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नागरिक तैयार होंगे।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका
विधायक ने कहा कि अनुशासित युवा ही सशक्त छत्तीसगढ़ और मजबूत भारत की नींव रख सकते हैं। आज के दौर में जहां भटकाव बढ़ रहा है, वहां स्काउट्स-गाइड्स जैसे संगठन युवाओं को सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा जिम्मेदार और चरित्रवान नागरिक बनेंगे।
गौरव का विषय बना केंद्र
ग्राम मांठ में इस प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण को पूरे रायपुर जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए विधायक ने सभी पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से यह केंद्र भविष्य में मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, तिल्दा जनपद अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे सहित कई जनप्रतिनिधि, स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

