MP Latest News: भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किसानों को संबोधित करते हुए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि राज्य में गेहूं खरीदी का लक्ष्य 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है, ताकि रिकॉर्ड उत्पादन के बीच हर किसान को अपनी उपज बेचने का मौका मिल सके।
सीएम ने कहा कि अब गेहूं खरीदी सप्ताह में 6 दिन होगी और शनिवार को भी उपार्जन केंद्र खुले रहेंगे। किसानों की सुविधा के लिए स्लॉट बुकिंग की अंतिम तारीख 30 अप्रैल से बढ़ाकर 9 मई कर दी गई है, साथ ही स्लॉट बुकिंग सभी के लिए खोल दी गई है। उन्होंने कहा, “प्रदेश के विकास की नींव हमारे किसान हैं, इसलिए इस वर्ष को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में समर्पित किया गया है।”
मुआवजा और खरीदी पर फैसले
सरकार ने भू-अर्जन पर बड़ा निर्णय लेते हुए किसानों को जमीन के बदले 4 गुना तक मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही दलहन को बढ़ावा देने के लिए उड़द की खरीदी समर्थन मूल्य पर होगी और उस पर ₹600 प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जाएगा।
बिजली और सिंचाई में राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को मात्र ₹5 में कृषि पंप कनेक्शन दिए जा रहे हैं। “कृषक मित्र योजना” के तहत 90% सब्सिडी पर सोलर पंप भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे किसान बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बन सकें। दिन में सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने की योजना भी लागू की जा रही है।
डेयरी और उर्वरक पर फोकस
राज्य को “मिल्क कैपिटल” बनाने की दिशा में 1752 नई दुग्ध समितियां बनाई गई हैं और रोजाना दूध संकलन 10 लाख किलोग्राम से अधिक पहुंच चुका है। किसानों को 1600 करोड़ रुपए से ज्यादा का भुगतान किया गया है और दूध के दाम में 8–10 रुपए प्रति किलो तक बढ़ोतरी हुई है।
उर्वरकों की उपलब्धता पर सीएम ने बताया कि इस साल 5.90 लाख मीट्रिक टन यूरिया का भंडारण किया गया है, जो पिछले वर्ष से अधिक है। किसानों को बिना लाइन लगे खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। इन घोषणाओं को राज्य में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

