राजनांदगांव में सीमांकन पर प्रशासन सख्त: 1 हफ्ते में 150 प्रकरण निपटे, 30 अप्रैल तक सभी मामले खत्म करने के निर्देश

राजनांदगांव में सीमांकन पर प्रशासन सख्त: 1 हफ्ते में 150 प्रकरण निपटे, 30 अप्रैल तक सभी मामले खत्म करने के निर्देश

Chhattisgarh Rajnandgaon News: राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के लिए प्रशासन ने तेजी दिखाई है। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने भीषण गर्मी के बीच कन्हारपुरी गांव के खेतों में पहुंचकर सीमांकन कार्य का निरीक्षण किया।

कलेक्टर की सख्ती का असर साफ दिख रहा है। पिछले एक सप्ताह में ही रिकॉर्ड 150 सीमांकन प्रकरणों का निराकरण किया गया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों को 30 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से निपटाया जाए।

गर्मी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को सुबह और शाम के समय सीमांकन कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी अवैध मांग या प्रलोभन की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पाए जाने पर एक किसान को 15 दिनों के भीतर कब्जा हटाने का अल्टीमेटम दिया गया। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनके आवेदनों और जमीन संबंधी समस्याओं की जानकारी भी ली।

कलेक्टर जितेंद्र यादव ने कहा, “प्रशासन किसानों की हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। किसान भी नियमों का पालन करें ताकि विवाद की स्थिति न बने और गांव में सौहार्द कायम रहे।”

इस दौरान डिप्टी कलेक्टर विश्वास कुमार सहित राजस्व अमला और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देश दिया कि सभी विवादित प्रकरणों की रिपोर्ट तुरंत प्रस्तुत की जाए, ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


Related Articles