GST Slab News: त्योहारी सीजन की शुरुआत से पहले देशभर के ग्राहकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) काउंसिल द्वारा हाल ही में घोषित नए GST स्लैब को 22 सितंबर 2025 से लागू किया जाना है, लेकिन इससे पहले ही ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर में भारी छूट की पेशकश शुरू हो गई है। बाजार में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए डीलरों और कंपनियों ने 10% तक की छूट के साथ-साथ आकर्षक गिफ्ट्स और ऑफर्स देने शुरू कर दिए हैं, जिससे खरीदारी का माहौल पहले से ही गर्म हो गया है।
गाड़ियों की कीमतों में अब तक की सबसे बड़ी कटौती देखने को मिल रही है। कई प्रमुख कार निर्माता कंपनियों ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में ₹ 30,000 से लेकर ₹ 30 लाख तक की कटौती की घोषणा की है। इसके साथ ही टू-व्हीलर और अन्य वाहन भी सस्ते हुए हैं, जिससे खरीदारों में उत्साह साफ देखा जा सकता है। डीलरशिप पर अग्रिम बुकिंग का दौर भी तेजी से चल रहा है और तत्काल डिलीवरी के विकल्प भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
Read More: 22 सितंबर से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत, घटस्थापना के दौरान करें इन मंत्रों का जाप
GST की छूट बनी लोगों के चेहरों की मुस्कान
GST Slab News: इसी तरह इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन, मोबाइल और लैपटॉप पर भी ₹ 1,000 से लेकर ₹ 20,000 तक की छूट दी जा रही है। GST दर में 28 % से घटाकर 18 % किए जाने से इन उत्पादों की कीमतों में भारी गिरावट आई है। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी ने बताया कि कम GST दर का सीधा फायदा ग्राहकों को मिल रहा है और बाजार पूरी तरह सजकर तैयार है। हर खरीदारी पर छूट, गिफ्ट ऑफर और आसान फाइनेंस की सुविधा ग्राहकों को दी जा रही है।
GST विशेषज्ञ चेतन तारवानी ने जानकारी दी कि पान मसाला, सिगरेट, तंबाकू, बीड़ी और च्युइंगगम जैसे विशेष उत्पादों पर नई दरें फिलहाल 22 सितंबर से लागू नहीं होंगी। इन पर 40% की नई GST दर अलग से अधिसूचना जारी होने के बाद ही प्रभावी होगी।
यह छूट बढ़ायेगी कंपनियों की बिक्री दर
GST Slab News: वाहनों की बिक्री को जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। फाडा के प्रदेश अध्यक्ष विवेक गर्ग ने कहा कि कंपनियों द्वारा दी जा रही छूटों का सीधा लाभ ग्राहकों को मिल रहा है। इससे न सिर्फ ग्राहकों को फायदा होगा बल्कि इस वर्ष ऑटोमोबाइल सेक्टर में जबरदस्त ग्रोथ देखने को मिल सकती है।
कुल मिलाकर त्योहार से पहले सरकार के GST सुधारों और कंपनियों की ओर से दी जा रही छूटों के चलते बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। इससे न केवल ग्राहकों को राहत मिलेगी बल्कि इससे राज्य और केंद्र सरकार के राजस्व में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।

