CG Patwari Strike: 40 दिन की हड़ताल के बाद काम पर लौटेंगे छत्तीसगढ़ के पटवारी, CM साय से मुलाकात के बाद आंदोलन स्थगित

CG Patwari Strike: 40 दिन की हड़ताल के बाद काम पर लौटेंगे छत्तीसगढ़ के पटवारी, CM साय से मुलाकात के बाद आंदोलन स्थगित

CG Patwari Strike: रायपुर। छत्तीसगढ़ में पीवी एप के विरोध में पिछले 40 दिनों से चल रही पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार को स्थगित कर दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद राजस्व पटवारी संघ ने यह घोषणा की। पटवारियों के काम पर लौटने से धान खरीदी से जुड़ी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।

पीवी एप की तकनीकी समस्याओं को लेकर कर रहे थे आंदोलन

दरअसल, पटवारी पीवी एप के माध्यम से फसलों के भौतिक सत्यापन में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं का विरोध कर रहे थे। पटवारियों की मांग थी कि इस एप को हटाया जाए। इसी बीच प्रदेश में धान खरीदी शुरू हो गई, जिससे हड़ताल का असर किसानों से जुड़े कामकाज पर भी पड़ने लगा। मुख्यमंत्री साय ने दो दिन पहले पटवारियों से काम पर लौटने की अपील की थी।

22 नवंबर को हड़ताल स्थगित करने की घोषणा

राजस्व पटवारी संघ ने रविवार, 22 नवंबर को सूचना जारी कर अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित करने का ऐलान किया। हालांकि, संघ ने सरकार के सामने अपनी मांगें भी रखी हैं। पटवारियों ने हड़ताल अवधि के दौरान की गई निलंबन, ब्रेक इन सर्विस, स्थानांतरण और कारण बताओ नोटिस जैसी कार्रवाई को शून्य करने की मांग की है।

हड़ताल अवधि का वेतन देने की मांग

पटवारी संघ ने मांग की है कि अनिश्चितकालीन आंदोलन की पूरी अवधि को कार्य दिवस मानते हुए नियमित वेतन दिया जाए। इसके अलावा वेतन विसंगति और पदोन्नति के मामलों में तत्काल निर्णय लेकर आदेश जारी करने की मांग भी रखी गई है। कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए ऑनलाइन मुख्यमंत्री जनदर्शन सेवा शुरू करने की मांग भी की गई है।

वेतन और प्रमोशन की मांगों पर बनेगी समिति: CM साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि पटवारी संघ का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलने मुख्यमंत्री निवास पहुंचा था। इस दौरान संघ ने हड़ताल समाप्त करने का वादा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटवारियों की वेतन और पदोन्नति संबंधी मांगों पर विचार करने के लिए एक समिति गठित की गई है। समिति पटवारियों से भी सुझाव लेगी और जल्द ही सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर सरकार उनकी मांगों पर विचार करेगी।

धान खरीदी और फसल आकलन के लिए पटवारियों की वापसी जरूरी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में धान खरीदी चल रही है। वहीं, चक्रवात के कारण फसलों का आकलन भी किया जाना है। ऐसे में पटवारियों का काम पर लौटना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि पटवारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के संबंध में सरकार विचार करेगी।


Related Articles