Chhattisgarh Kondagaon News: कोंडागांव। जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर दिखाई दिया। ईंधन संकट से परेशान ग्रामीणों ने भगदेवा में चक्काजाम कर कोंडागांव-अमरावती मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। अचानक हुए प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही है। ईंधन लेने के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि कई वाहन चालकों को बिना ईंधन लिए ही वापस लौटना पड़ रहा है। इसका सीधा असर खेती-किसानी, परिवहन, छोटे कारोबार और रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसी से नाराज होकर लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से तत्काल पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराने की मांग की।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द ही ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य करने का भरोसा दिया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात धीरे-धीरे बहाल हो सका।
खेती और परिवहन पर पड़ा असर
ग्रामीणों का कहना है कि ईंधन संकट अब केवल पेट्रोल पंपों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर पूरे जनजीवन पर दिखाई देने लगा है। कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले वाहन और मशीनें प्रभावित हो रही हैं, वहीं परिवहन सेवाओं पर भी इसका असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे दोबारा उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

