Vijay Baghel Statement on Congress: दुर्ग: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद भाजपा ने पलटवार किया है। सांसद विजय बघेल ने प्रेस वार्ता कर राहुल गांधी और कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के तीनों आयुक्तों के संयुक्त बयान के बाद आयोग में मतभेद को लेकर लगाए जा रहे कांग्रेस के आरोपों पर सवाल खड़े हुए हैं। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि SIR से जुड़े फैसले आयोग के तीनों सदस्यों की मंजूरी से सर्वसम्मति से लिए गए।
विजय बघेल ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से SIR को लेकर स्थिति स्पष्ट की गई है। आयोग के मुताबिक देशभर में SIR लागू करने से संबंधित निर्णय तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मत मंजूरी से लिए गए थे। आयोग ने यह भी कहा है कि बहु-सदस्यीय संवैधानिक संस्था में विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय सामने आना संभव है, लेकिन अंतिम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
EVM और चुनाव प्रक्रिया पर कांग्रेस के सवालों को लेकर निशाना
सांसद विजय बघेल ने कांग्रेस की चुनावी प्रक्रिया और EVM को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई सांसद इसी चुनावी प्रक्रिया के जरिए चुनकर संसद पहुंचे हैं और विभिन्न राज्यों में कांग्रेस की सरकारें भी चुनाव के जरिए बनी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम अपने पक्ष में नहीं आने पर कांग्रेस चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाती है। विजय बघेल ने राहुल गांधी से चुनाव आयोग और देश से माफी मांगने की मांग भी की।
भूपेश बघेल पर भी साधा निशाना
विजय बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन और नेताओं के बयानों को लेकर सवाल उठाए तथा भूपेश बघेल के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। भाजपा सांसद ने कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तथ्यों के आधार पर देखा जाना चाहिए।
28 सितंबर को दुर्ग में कांग्रेस ने किया था प्रदर्शन
दरअसल, 28 सितंबर को कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ के जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया था। दुर्ग में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट की ओर मार्च किया था। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में लगाए गए दो बैरिकेड पार किए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम SDM को ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस ने SIR को लेकर लगाए हैं आरोप
कांग्रेस की ओर से SIR प्रक्रिया को लेकर मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। पार्टी नेताओं का दावा है कि प्रक्रिया के दौरान वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने SIR से जुड़े अपने फैसलों को सर्वसम्मत बताया है। दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी भाजपा के पलटवार पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब कांग्रेस चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है तो भाजपा उसके बचाव में सामने आ जाती है। उन्होंने इसी आधार पर चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाया।

