दुर्ग में एक ही दिन में दो हत्याएं, तीसरी घटना में युवक की जान बची, कहीं कुल्हाड़ी से वार तो कहीं पत्थर से सिर कुचलकर हत्या

दुर्ग में एक ही दिन में दो हत्याएं, तीसरी घटना में युवक की जान बची, कहीं कुल्हाड़ी से वार तो कहीं पत्थर से सिर कुचलकर हत्या

Chhattisgrh Crime News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार को आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों की हत्या कर दी गई, जबकि एक युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसे समय रहते बचा लिया गया।

सबसे पहले बात खुर्सीपार थाना क्षेत्र की, जहां पुरानी दुश्मनी ने एक युवक की जान ले ली। बापू नगर उड़िया बस्ती निवासी 30 वर्षीय विक्रम सोना उर्फ फकीरा की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, विक्रम का मोहल्ले में रहने वाले 60 वर्षीय मुरली उर्फ मुच्छू से लंबे समय से विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि घटना से एक रात पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। रविवार सुबह फिर से विवाद बढ़ा और गुस्से में आरोपी ने टंगिया से विक्रम पर लगातार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल विक्रम को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खुर्सीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

वहीं दूसरी घटना जेवरा चौकी क्षेत्र के करहीडीह से सामने आई, जहां एक मजदूर की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नारायण निषाद के रूप में हुई है, जो मूलतः बेरला का निवासी था और भिलाई में रहकर मजदूरी करता था।

शनिवार रात उसका शव सांस्कृतिक भवन के पास खून से लथपथ हालत में मिला। अज्ञात आरोपियों ने उसके सिर और चेहरे को भारी पत्थर से कुचल दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, नारायण अपनी पत्नी से विवाद के चलते अलग रह रहा था और करहीडीह में किराए के मकान में अकेले रहकर काम कर रहा था। हालांकि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

इसी बीच नेवई थाना क्षेत्र में आत्महत्या का एक मामला सामने आया, जहां धनोरा निवासी 32 वर्षीय कविश तारक ने मरोदा ब्रिज से छलांग लगा दी। युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।


Related Articles