कवर्धा में हनुमान मंदिर में चोरी से सनसनी: भगवान के मुकुट पर चोरों का हाथ, 10 तोला चांदी पार

कवर्धा में हनुमान मंदिर में चोरी से सनसनी: भगवान के मुकुट पर चोरों का हाथ, 10 तोला चांदी पार

Kawardha Crime News: कवर्धा। शहर के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। अज्ञात चोरों ने 13 मार्च की रात मंदिर में धावा बोलकर भगवान हनुमान की प्रतिमा पर चढ़ा करीब 10 तोला चांदी का मुकुट चोरी कर लिया।

घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि भगवान की प्रतिमा से चांदी का मुकुट गायब है। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना कवर्धा रियासत के राजा को दी गई और सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि कोई सुराग मिल सके।

पुलिस मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से रेकी कर इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना फूलवारी इलाके की बताई जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।


Related Articles