मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले में मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी के मामलों में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज 4 प्रकरणों की जांच के बाद पुलिस ने 11 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मानपुर, खड़गांव, औंधी और कोहका थाना क्षेत्रों में 12 से 14 अप्रैल के बीच जियो टावरों से करीब 11.70 लाख रुपये की बैटरियां चोरी हुई थीं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच के दौरान एक पिकअप वाहन की पहचान होने पर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिससे पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 93 बैटरियां (करीब 3.20 लाख रुपये), एक डिजायर कार, एक पिकअप वाहन, 30 हजार रुपये नकद और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्ती की कीमत लगभग 11.21 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे टावरों की लोकेशन की जानकारी लेकर बैटरियां चोरी करते थे और उन्हें भानुप्रतापपुर के एक कबाड़ी को बेच देते थे। कुछ बैटरियां जंगल में छिपाकर भी रखी गई थीं, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कोर्रामटोला, दल्ली राजहरा और भानुप्रतापपुर के निवासी शामिल हैं। सभी आरोपियों को 15 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।

