Chhattisgarh News: भंडारपुरी धाम में CM साय की बड़ी सौगात, 29 करोड़ के सड़क कार्यों का भूमिपूजन; 40 जगहों पर बनेंगे जैतखाम

Chhattisgarh News: भंडारपुरी धाम में CM साय की बड़ी सौगात, 29 करोड़ के सड़क कार्यों का भूमिपूजन; 40 जगहों पर बनेंगे जैतखाम

Chhattisgarh Latest News: रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को आरंग विकासखंड स्थित सतनाम पंथ के प्रमुख आस्था केंद्र भंडारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने करीब 29 करोड़ रुपए की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और चार महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी ने सत्य, अहिंसा, करुणा, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। उनका संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता की प्रेरणा देता है।

करीब 29 करोड़ के तीन सड़क कार्यों का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपए की लागत के तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें मोहंदी-अड़सेना मार्ग के 4 किलोमीटर हिस्से का 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपए की लागत से चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, नरदहा में 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपए की लागत से 2 किलोमीटर आंतरिक मार्ग निर्माण और 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपए की लागत से 29 किलोमीटर लंबे छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग का डामर नवीनीकरण शामिल है।

चार विकास कार्यों की घोषणा

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन के लिए 75 लाख रुपए, नगर पंचायत आरंग के ओड़का में प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपए, मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ रुपए और चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के लिए 85 लाख रुपए देने की घोषणा की।

40 स्थानों पर स्थापित होंगे लकड़ी के जैतखाम

मुख्यमंत्री साय ने अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार सतनामी समाज सहित सभी वर्गों के सम्मान, सशक्तीकरण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

सतनामी समाज के युवाओं के लिए बढ़ी कोचिंग सीटें

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली स्थित कोचिंग संस्था में सतनामी समाज के युवाओं के लिए सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की गई है। उन्होंने भंडारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े स्थलों के विकास के लिए भी काम कर रही है।


Related Articles