Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिले के उतई नगर पंचायत में हुई एक शर्मनाक घटना के विरोध में सर्व छत्तीसगढ़ीया समाज ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मशाल रैली निकाली। बंजारी पारा उतई से शुरू हुई यह रैली थाना उतई तक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को सख्त से सख्त सजा और फांसी देने की मांग उठाई।
रैली में शामिल लोगों ने हाथों में मशाल लेकर विरोध जताया और न्याय की मांग करते हुए नारेबाजी की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने थाना उतई प्रभारी महेश ध्रुव को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
इस मशाल रैली में सर्व छत्तीसगढ़ीया समाज के महिला और पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। साथ ही उतई नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज को शर्मसार करती हैं और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

