CG News: तिलक, आरती और मिठाई के साथ नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत, नि:शुल्क पुस्तकों व गणवेश का वितरण

CG News: तिलक, आरती और मिठाई के साथ नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत, नि:शुल्क पुस्तकों व गणवेश का वितरण

Chhattisgarh News: मगरघटा। संकुल स्त्रोत केंद्र परसदा के अधीनस्थ शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मगरघटा में मंगलवार को नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिवस शाला प्रवेशोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के तहत नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, आरती उतारकर और मुंह मीठा कर भव्य स्वागत किया गया।

पूर्व संकुल शैक्षिक समन्वयक एवं शिक्षक ललित कुमार बिजौरा ने बताया कि कक्षा 5वीं से कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का विद्यालय पहुंचते ही कक्षा 7वीं एवं 8वीं के वरिष्ठ विद्यार्थियों तथा शिक्षकों ने रंगोली सजाकर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र तथा महापुरुषों की जीवनी का वाचन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शाला प्रवेशोत्सव के अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें और गणवेश वितरित किए गए। वहीं नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के प्रतीक स्वरूप 16 ज्ञानदीप प्रज्वलित कर शिक्षा के प्रति जागरूकता और ज्ञान के प्रकाश का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में “स्कूल आ पढ़े बर, जिनगी ला गढ़े बर” तथा “सब पढ़े, सब बढ़े” जैसे प्रेरणादायक संदेश भी दिए गए।

इस अवसर पर प्रधानपाठक कौशल प्रसाद चौबे, संकुल शैक्षिक समन्वयक कुलेश्वर प्रसाद ठाकुर, प्राथमिक शाला मगरघटा के प्रधानपाठक जयंत वर्मा, शिक्षिका अंजू वर्मा तथा शिक्षक कोमल ठाकुर, मेघा गुप्ता और एम.एस. खलखो उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय में मध्यान्ह भोजन के दौरान भोजन मंत्र तथा दिन के अंत में राज्य गीत, गायत्री मंत्र और शांति मंत्र का पाठ भी कराया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम का वातावरण संस्कारमय और प्रेरणादायी बना रहा।


Related Articles