Surajpur News: प्रतापपुर में खुली नालियां बनीं हादसों की वजह, बारिश में वार्ड 13 के लोगों की बढ़ीं मुश्किलें

Surajpur News: प्रतापपुर में खुली नालियां बनीं हादसों की वजह, बारिश में वार्ड 13 के लोगों की बढ़ीं मुश्किलें

CG Surajpur News: सूरजपुर। नगर पंचायत प्रतापपुर के वार्ड क्रमांक 13 में खुली नालियां स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई हैं। प्रतापपुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर बनी कई नालियों पर अब तक ढक्कन नहीं लगाए गए हैं। बारिश के मौसम में नालियां पूरी तरह पानी से भर जाती हैं, जिससे सड़क पर जलभराव हो जाता है और राहगीरों, वाहन चालकों व आसपास के रहवासियों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मच्छरों का प्रकोप, बीमारियों का बढ़ा खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि खुली नालियों में गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और ढक्कन नहीं लगाए जाने से स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ती जा रही हैं।

बारिश में बढ़ जाता है हादसों का खतरा

बरसात के दौरान नालियां पानी से पूरी तरह ढक जाती हैं, जिससे राहगीरों को उनका अंदाजा नहीं लग पाता। वार्डवासियों के अनुसार अब तक कई गाय और अन्य मवेशी खुली नालियों में गिर चुके हैं। वहीं, एक मोटरसाइकिल सवार भी नाली में गिरकर घायल हो चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

नगर पंचायत से की तत्काल कार्रवाई की मांग

वार्ड क्रमांक 13 के निवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से सभी खुली नालियों पर मजबूत ढक्कन लगाने, नियमित सफाई कराने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे न केवल दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी, बल्कि संक्रामक बीमारियों के खतरे को भी काफी हद तक कम किया जा सकेगा।


Related Articles