Bhilai News: न्यू प्रेस क्लब भिलाई नगर का ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम, कलेक्टर और एसएसपी ने पत्रकारों से किया सीधा संवाद

Bhilai News: न्यू प्रेस क्लब भिलाई नगर का ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम, कलेक्टर और एसएसपी ने पत्रकारों से किया सीधा संवाद

Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर द्वारा सुपेला स्थित प्रेस क्लब भवन में शनिवार को ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रेस और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी मंच बनकर उभरा, जिसमें दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने जिले में अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए और पत्रकारों के सवालों का खुलकर जवाब दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। क्लब के अध्यक्ष अनिल गुप्ता और महासचिव दिलीप शर्मा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी अतिथियों का अभिनंदन किया।

प्रेस क्लब के विकास और पत्रकार कल्याण की उठाई मांग

अपने स्वागत भाषण में अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने प्रेस क्लब की गतिविधियों की जानकारी देते हुए क्लब के विकास और संधारण के लिए कलेक्टर के समक्ष विभिन्न मांगें रखीं। वहीं महासचिव दिलीप शर्मा ने पत्रकार कल्याण, सामाजिक सरोकारों और प्रेस क्लब की भावी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

25 लाख आबादी के लिए सीमित पुलिस बल बड़ी चुनौती : एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि दुर्ग जिला भौगोलिक और सामाजिक दृष्टि से बेहद विविध है। भिलाई टाउनशिप, दुर्ग शहर, पटरी पार क्षेत्र और ग्रामीण इलाकों की आवश्यकताएं अलग-अलग हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 25 लाख की आबादी वाले जिले में दो हजार से कुछ अधिक पुलिसकर्मी कार्यरत हैं, ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती है। उन्होंने अपने कार्यकाल के कई अनुभव भी पत्रकारों के साथ साझा किए।

‘लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है मीडिया’ : कलेक्टर अभिजीत सिंह

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का एक मजबूत स्तंभ है, जो समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि दुर्ग जिले में कार्य करना सुखद होने के साथ-साथ जन अपेक्षाओं के कारण चुनौतीपूर्ण भी है।

स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मान

कार्यक्रम के समापन पर न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर की ओर से कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं एसएसपी विजय अग्रवाल को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील चौहान, उपाध्यक्ष जय प्रकाश आर्य, रघुनंदन पांडा, सचिव गौकरण निषाद, जोगिंदर सिंह, कार्यालय सचिव मोहन राव, सह सचिव भोपाल देवांगन, कार्यकारिणी सदस्य सर्वेश सिंह सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में टी. सूर्या राव, अरविंद सिंह, बी.डी. निजामी, राजेंद्र गोस्वामी, अशोक पांडा, सुधीर सिंह, संदीप उपाध्याय, आनंद ओझा, हरप्रीत भाटिया, कमल शर्मा, मोहम्मद फारूक, प्रशांत सरकार, शमशीर शिवानी सहित जिले के अनेक पत्रकारों ने भाग लिया।


Related Articles