Shivnandanpur Nagar Panchayat Election: सूरजपुर। नगर पंचायत शिवनंदनपुर के चुनावी मुकाबले में भाजपा को बढ़त मिलने के संकेत दिखाई दे रहे हैं, जबकि कांग्रेस अंदरूनी मतभेद और गुटबाजी की चर्चाओं के बीच चुनावी मैदान में संघर्ष करती नजर आ रही है। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में दोनों दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, लेकिन राजनीतिक हलकों में भाजपा का पलड़ा भारी माना जा रहा है।
विकास कार्यों को बना रही भाजपा चुनावी मुद्दा
भाजपा कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को लेकर घर-घर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। पार्टी का दावा है कि नगर पंचायत शिवनंदनपुर के गठन के बाद हुए मूलभूत विकास कार्य जनता के सामने उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि हैं।
भाजपा नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर जनता में सकारात्मक माहौल है।
उपमुख्यमंत्री की सभा को मिल रहा सकारात्मक संकेत
चुनावी प्रचार के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव की सभा में उमड़ी भीड़ को भाजपा अपने पक्ष में माहौल का संकेत मान रही है। वहीं, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की क्षेत्र में सक्रियता और आम लोगों के बीच उनकी सहज उपलब्धता को भी पार्टी चुनावी लाभ से जोड़कर देख रही है।
कांग्रेस में गुटबाजी की चर्चा
दूसरी ओर कांग्रेस खेमे में गुटबाजी और अंदरूनी असंतोष की चर्चाएं लगातार बनी हुई हैं। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दौरे के बाद भी पार्टी के भीतर एकजुटता का संदेश पूरी तरह नहीं बन पाया है।
सिंहदेव समर्थकों की दूरी की चर्चा
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि कांग्रेस संगठन में हुए कुछ फैसलों के बाद वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव के समर्थक पूरी सक्रियता से चुनाव प्रचार में नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
प्रचार के अंतिम दौर में बढ़ी सियासी सरगर्मी
नगर पंचायत शिवनंदनपुर चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। भाजपा विकास और सरकारी योजनाओं को मुद्दा बना रही है, जबकि कांग्रेस स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंचने का प्रयास कर रही है। अब मतदान और मतगणना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जनता किसके पक्ष में अपना फैसला सुनाती है।

