CG Raipur News: रायपुर। रायपुर के जाने-माने कारोबारी और इंटीरियर डिजाइनर अजय सुंदर निहलानी (49) का पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह एक प्रोफेशनल टूर के सिलसिले में यूरोप गए हुए थे। यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पार्थिव शरीर भारत लाने की कोशिश
अजय निहलानी के भाई संजय कुमार निहलानी ने बताया कि परिवार उनके पार्थिव शरीर को रायपुर लाने के प्रयास में जुटा हुआ है। इसके लिए भारतीय दूतावास, स्थानीय प्रशासन और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से सहयोग की मांग की गई है।
40 सदस्यीय दल के साथ गए थे यूरोप
जानकारी के अनुसार अजय निहलानी भारत के 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ यूरोप यात्रा पर गए थे। इस दल में रायपुर के दो लोग भी शामिल थे। घटना के बाद उनके साथ मौजूद नीरज बाजपेयी अस्पताल प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में रहकर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
सिंधी काउंसिल ने भी की मदद की अपील
सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पीएमओ इंडिया और संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया है कि अजय निहलानी के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने में आवश्यक सहायता प्रदान की जाए।

