जशपुर DIG से बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों की मुलाकात, सड़क सुरक्षा और जनहितकारी पहलों पर हुई चर्चा

जशपुर DIG से बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों की मुलाकात, सड़क सुरक्षा और जनहितकारी पहलों पर हुई चर्चा

CG Jashpur News: जशपुर। शनिवार, 30 मई 2026 को जशपुर के डीआईजी (आईपीएस) से बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रतिनिधियों ने सौजन्य मुलाकात की। यह मुलाकात सुहित घोष के समन्वय और सकारात्मक प्रयासों से संभव हो सकी। मुलाकात के दौरान जनसुरक्षा, सड़क सुरक्षा और बैंकिंग सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में डीआईजी ने शहर एवं नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस विभाग द्वारा संचालित जनहितकारी पहलों की जानकारी दी। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर विशेष जोर दिया। डीआईजी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर नागरिक स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।

इस दौरान सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियानों और पुलिस विभाग की अन्य पहलुओं पर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुलाकात के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा की विभिन्न बैंकिंग सेवाओं एवं योजनाओं की भी जानकारी साझा की गई। बैंक अधिकारियों ने आकर्षक सैलरी पैकेज, डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं, बीमा एवं निवेश योजनाएं, गृह ऋण, वाहन ऋण, शिक्षा ऋण सहित अन्य आधुनिक बैंकिंग उत्पादों के बारे में विस्तार से बताया।

साथ ही आम नागरिकों, शासकीय कर्मचारियों और सुरक्षा बलों के लिए बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विशेष सुविधाओं एवं ग्राहक हितैषी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने जनहित से जुड़े विषयों पर सहयोग और समन्वय बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

मुलाकात के अंत में डीआईजी के नेतृत्व, दूरदर्शिता और जनसुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की गई तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।


Related Articles