Bhilai News: वरिष्ठ पत्रकार टी. सूर्या राव की सजगता से टली बड़ी रेल दुर्घटना, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने किया सम्मानित

Bhilai News: वरिष्ठ पत्रकार टी. सूर्या राव की सजगता से टली बड़ी रेल दुर्घटना, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने किया सम्मानित

CG Bhilai News: भिलाई। शहर के वरिष्ठ पत्रकार, नई दुनिया के भिलाई प्रभारी एवं न्यू प्रेस क्लब भिलाई नगर के पूर्व अध्यक्ष टी. सूर्या राव की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना टल गई। जनहित और रेल सुरक्षा के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल ने उन्हें सम्मानित किया है।

जानकारी के अनुसार, 22 मई को टी. सूर्या राव पावर हाउस रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रेलवे ट्रैक पर लगी फिश प्लेट के निकले हुए बोल्टों पर पड़ी। ट्रैक की स्थिति को गंभीरता से समझते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए इसकी सूचना दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) अवधेश कुमार त्रिवेदी को दी।

सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-2 से गुजरने वाली ट्रेनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाने के निर्देश जारी किए। रेलवे की तकनीकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ट्रैक का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शुरू किया। सभी सुरक्षा मानकों की जांच और ट्रैक की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू किया गया।

सीनियर डीसीएम श्री त्रिवेदी ने बताया कि समय पर मिली सूचना के कारण एक संभावित दुर्घटना को टालने में सफलता मिली। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी रायपुर रेल मंडल के डीआरएम दयानंद को भी दी, जिन्होंने इस सतर्कता की सराहना की।

रेल सुरक्षा के प्रति दिखाई गई जिम्मेदारी, जागरूकता और जनहित की भावना को देखते हुए रायपुर रेल मंडल द्वारा टी. सूर्या राव को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में रेलवे वाणिज्यिक विभाग के निरीक्षक बाबूराव टाटा, कलिंगा समाज रायपुर के अध्यक्ष जगदीश्वर राव तथा विष्णु केमिकल भिलाई के वाइस प्रेसिडेंट एम.वी. राव विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नागरिकों की सजगता और जिम्मेदारी कई बार बड़े हादसों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। टी. सूर्या राव का यह कार्य न केवल रेल सुरक्षा के प्रति जागरूकता का उदाहरण है, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणादायी संदेश है कि समय पर दी गई सूचना कई लोगों की जान बचा सकती है।


Related Articles